सीतामढ़ी में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय डुमरा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्थी जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान अर्थी से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाएं हिंदू रीति-रिवाज के अनुरूप की गई थीं। शव को अग्नि देने के लिए लकड़ी और अन्य जरूरी सामान के साथ घंटी आदि की भी व्यवस्था की गई थी।
अर्थी जुलूस डुमरा स्थित सीतामढ़ी समाहरणालय के समीप पहुंचा, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व विधायक सह जिलाध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यशैली के विरोध में अपनी नाराजगी जाहिर की।