
#मथुरा_गेट_थाना_पुलिस_की_ताबड़तोड़_कार्रवाई..
भरतपुर। शहर की मथुरा गेट थाना पुलिस ने चौतरफा कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 14 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने सबसे बड़ी सफलता एक संगठित महिला चोर गैंग को रंगे हाथों पकड़कर हासिल की। मामले के अनुसार, एक पीड़ित महिला ई-मित्र की दुकान पर पॉलीथिन की थैली में रखे पर्स में 50,000 रुपये लेकर आई थी। वहां पहले से घात लगाकर बैठीं तीन शातिर महिलाओं ने चालाकी से पॉलीथिन में कट मारकर पर्स निकाल लिया और तिपहिया वाहन से भागने लगीं। पीड़ित महिला द्वारा शोर मचाने पर पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत घेराबंदी की और तीनों आरोपी महिलाओं रशमा, सुनैना और सुधा निवासी राजगढ़, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी किए गए पूरे 50,000 रुपये और पर्स बरामद कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि यह शातिर अंतरराज्यीय गैंग पहले भी साल 2024 में भरतपुर और 2025 में डीग जिले में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। वहीं जमीन जायदाद के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र शर्मा को गिरफ्तार किया है। परिवादी अशोक गुप्ता ने मामला दर्ज कराया था कि आरोपी ने लोगों को सस्ते भूखंड दिलाने का झांसा देकर भारी-भरकम राशि ऐंठी थी। अनुसंधान में खुलासा हुआ कि धर्मेंद्र ने परिवादी अशोक गुप्ता के भूखंड को किसी अन्य व्यक्ति को 12 लाख रुपये में फर्जी तरीके से बेच दिया था। इस मामले में आरोपी की पत्नी अनीता शर्मा को पुलिस पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है और अब मुख्य आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में है। इसके अलावा थाना पुलिस ने तकनीकी रूप से लोगों को अपना शिकार बनाने वाले एक बड़े साइबर ठग गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फोन पर बात करके मोबाइल में धोखे से 'एपीके फाइल' डाउनलोड करवाकर फोन हैक करने और बैंक खातों से पैसे उड़ाने वाले गिरोह के तीन शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में जितेंद्र निवासी चौबेपुर, कानपुर), लक्की गुप्ता और अमन (दोनों निवासी रावतपुर, कानपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस गैंग के खिलाफ देश के अन्य राज्यों में भी साइबर अपराध की कई गंभीर शिकायतें दर्ज हैं, जिनकी कुंडली खंगाली जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों को डरा-धमकाकर रंगदारी मांगने वाले गिरोह के एक सदस्य राहुल को गिरफ्तार किया है, जिसके साथी चंदू देशवार की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है। वहीं किशनपुरा क्षेत्र में आपसी मारपीट और लहूलुहान करने के मामले में नामजद तीन आरोपियों छोटू, विशाल और सोनू को भी पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत दबोचा है। इसके अलावा शहर के व्यस्ततम बिजलीघर और सारस चौराहे पर हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में पुलिस ने तीन अन्य युवकों आशिक, मुबीन खान और अनिल कुमार को धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया है।