
जमालपुर गांव के कन्या पाठशाला की हालात दयनीय, चारदीवारी न होने से छात्राओं की सुरक्षा खतरे में
भिवानी।
जमालपुर गांव में स्थित राजकीय कन्या प्राथमिक पाठशाला की हालात आज बद से बदतर हो चुके हैं। स्कूल परिसर में चारदीवारी न होने, चारों तरफ गंदगी, कीचड़ और मलबे के ढेर लगे होने के कारण बेटियों की पढ़ाई और सुरक्षा दोनों खतरे में हैं। हरियाणा जागृति मोर्चा के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता राजेश सिंधू तथा संरक्षक एडवोकेट रामकिशन काजल ने आज स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस स्कूल में गरीब परिवारों की छात्राएं पढ़ती हैं। जिस क्षेत्र में स्कूल बना है वहां भी अधिकांश आबादी आर्थिक रूप से कमजोर व गरीब तबके की है। इस पाठशाला के बारे में कई बार अफसरों के संज्ञान में मामला लाया गया,लेकिन बावजूद स्कूल की तरफ ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि गंदगी भरे वातावरण, चारदीवारी न होने और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में छात्राएं कैसे पढ़ेंगी और अध्यापक कैसे पढ़ाएंगे, यह सोचने का विषय है। इस संबंध में उन्होंने कल खंड शिक्षा अधिकारी से मिलकर स्थिति से अवगत करवाया। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि स्कूल की दयनीय हालात के बारे में सरकार को बार-बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन ग्रांट के अभाव में कोई कार्य नहीं हो पा रहा है। सरकार की तरफ से अब तक ग्रांट मुहैया नहीं करवाई गई है। राजेश सिंधू व रामकिशन काजल ने सामूहिक रूप से कहा कि जल्द उक्त समास्या के समाधान के लिए उपायुक्त व जिला शिक्षा अधिकारी से मिलेंगे, यदि वे समय रहते स्कूल की चारदीवारी बनवाने, सफाई करवाने और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवा पाये, तो मोर्चा लोगों के साथ मिलकर जन आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहां बेटियों की शिक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन व प्रशासन से मांग कि तुरंत विशेष ग्रांट जारी कर स्कूल का जीर्णोद्धार करवाया जाए ताकि बेटियों को सुरक्षित और स्वच्छ माहौल में शिक्षा मिल सके।