
बिलासपुर पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा, 10.40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो | बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्शन टीम (SDT) ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 10.40 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को एसडीटी बिलासपुर की टीम नैहर क्षेत्र में गश्त और निगरानी पर थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10.40 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार (39 वर्ष) पुत्र बाबू राम, निवासी गांव नैहर, डाकघर हरनोडा, तहसील सदर, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बरमाणा में मुकदमा संख्या 97/2026 के तहत धारा 21, एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई चेन में कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच जारी है।
बिलासपुर पुलिस ने दोहराया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।