
*असामाजिक के तत्वों के बहकावे में आकर अपना जीवन बर्बाद ना करें।*
*आमजन से निवेदन अपने बच्चों की दिनचर्या पर रखे नजर।*
*असामाजिक तत्वों के बहकावे से बचाएं अपने बच्चों का भविष्य : पुलिस अधीक्षक*
13 जुलाई
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा है कि असामाजिक तत्वों के बहकावे में आकर अपने बच्चों को गलत राह पर जाने से बचाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ अपराधी विदेशों में बैठकर यहां के भोले-भाले युवकों को बहला-फुसलाकर या लालच देकर गंभीर अपराधों में शामिल करवा रहे हैं। ऐसे युवक बाद में अपराध की दलदल में फंसकर अपना जीवन बर्बाद कर बैठते हैं। पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि पिछले कुछ दिनों में जिला यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र सहित अन्य शहरों में कई जघन्य अपराध सामने आए हैं। इन वारदातों में यमुनानगर जिले के कुछ युवक भी शामिल पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि इन वारदातों के पीछे विदेश में बैठे अपराधियों का हाथ है। ये बदमाश स्वयं सुरक्षित रहकर यहां के भोले-भाले युवाओं को अपने जाल में फंसाते हैं और उन्हें किसी भी वारदात को अंजाम देने के लिए तैयार कर देते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसे अपराधी ‘यूज एंड थ्रो’ पॉलिसी अपनाते हैं। खुद तो विदेशों में रहकर कानून की पकड़ से दूर रहने की मंशा रखते हैं, लेकिन मासूम युवक उनकी चाल में फंसकर हत्या और लूट जैसे जघन्य अपराधों में शामिल हो जाते हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज को इस खतरे को गंभीरता से लेना होगा। बच्चे और युवा हमारे भविष्य की धरोहर हैं। यदि वे अपराध के रास्ते पर चले जाते हैं तो न केवल उनका जीवन बर्बाद होता है, बल्कि परिवार की इज्जत और पूरे समाज की शांति भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्व लगातार सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए युवाओं को टारगेट करते हैं। कभी पैसों का लालच देकर, तो कभी दोस्ती और दिखावटी मदद का भरोसा दिलाकर उन्हें बहकाते हैं।
उन्होंने अभिभावकों से विशेष निवेदन किया कि वे अपने बच्चों की दिनचर्या पर पैनी नजर रखें। यह देखें कि वे किस संगति में रह रहे हैं, किससे बात कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर किससे जुड़े हैं। यदि समय रहते ध्यान दिया जाए तो युवाओं को गलत रास्ते पर जाने से रोका जा सकता है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज के हर वर्ग का यह दायित्व है कि वह अपने आसपास हो रही गतिविधियों पर सतर्क रहे। यदि कोई असामाजिक तत्व युवाओं को बहकाने की कोशिश करता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिले के नागरिकों से पुनः अपील करते हुए कहा कि बच्चों को सही मार्गदर्शन दें और उन्हें किसी भी प्रकार के लालच या बहकावे से बचाएं। युवाओं को यह समझाना जरूरी है कि अपराध का रास्ता केवल बर्बादी की ओर ले जाता है।