
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लॉन्च किया "दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म", पंचायतों में डिजिटल ऑडिट की नई शुरुआत
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक के दौरान पंचायत स्तर पर वित्तीय ऑडिट प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सरल बनाने के उद्देश्य से "दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म" का शुभारंभ किया। साथ ही पंचायत दर्पण पोर्टल पर पेमेंट गेटवे सुविधा का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल प्रशासन को नई दिशा देगी। "दृष्टि" ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब ऑडिटर अपने घर या कार्यालय से ही किसी भी ग्राम पंचायत के आय-व्यय संबंधी अभिलेखों का ऑनलाइन परीक्षण कर सकेंगे। इससे ऑडिट प्रक्रिया अधिक तेज, सटीक और जवाबदेह बनेगी।
प्रदेश की 23,011 ग्राम पंचायतों में इस प्रणाली के लागू होने से वित्तीय ऑडिट समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सकेगा। केंद्रीय वित्त आयोग से मिलने वाले अनुदान के लिए आवश्यक ऑडिट प्रक्रिया अब सीमित संसाधनों में भी प्रभावी ढंग से पूरी की जा सकेगी। यह प्लेटफॉर्म भारत के महालेखाकार के निर्देशन में पंचायती राज संचालनालय द्वारा एनआईसी के तकनीकी सहयोग से विकसित किया गया है।
इसके साथ ही पंचायत दर्पण पोर्टल पर शुरू की गई पेमेंट गेटवे सुविधा से नागरिक अब घर बैठे पंचायत द्वारा जारी बिलों का ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे और तत्काल डिजिटल रसीद भी प्राप्त करेंगे। यह सुविधा पंचायती राज संचालनालय, एनआईसी, जल निगम और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से विकसित की गई है।
नई डिजिटल व्यवस्थाओं से पंचायतों में वित्तीय पारदर्शिता बढ़ेगी, अभिलेख स्वतः तैयार होंगे, सेवाओं का समयबद्ध निस्तारण होगा तथा जवाबदेही के साथ सुशासन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
#DrMohanYadav #Panchayat #DrishtiPlatform #DigitalAudit #PanchayatDarpan #GoodGovernance #MadhyaPradesh
Junnardeo, Chhindwara | Jul 14, 2026