
*फर्जी IPS’ के इशारे पर चलती रही पुलिस, एक फोन ने खोल दिया राज…*
झारखंड : पलामू के दो युवकों ने ऐसा खेल रचा कि औरंगाबाद पुलिस भी उन्हें असली प्रशिक्षु IPS अधिकारी समझ बैठी। फर्जी IPS ने थाने के सरकारी नंबर पर फोन किया और छापेमारी के लिये पुलिस बल मांग लिया। पुलिस की गश्ती टीम भी उसके साथ निकल पड़ी। इसके बाद NH-139 पर पुलिस के साथ वाहनों की जांच कराई गई। कई लोगों से पूछताछ हुई। इसी दौरान कथित फर्जी IPS ने तीन युवकों को रोका। इनमें से दो युवकों को अपनी स्कॉर्पियो में बैठाकर मदनपुर की ओर ले गया। मामले का राज तब खुलने लगा, जब पीड़ित युवकों के एक रिश्तेदार, जो झारखंड पुलिस में दारोगा हैं, ने कथित IPS से फोन पर बात की। बातचीत होते ही आरोपी को शक हो गया कि उसकी पहचान खुल सकती है। उसने दोनों युवकों को GT रोड के पास उतार दिया और स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने चालक समेत 2 को पकड़ा
मामले की जानकारी मिलते ही औरंगाबाद पुलिस ने पूरे जिले में अलर्ट जारी किया। आरोपी स्कॉर्पियो से पलामू की ओर भाग रहा था। एरका चेकपोस्ट पर पुलिस को देखते ही उसने गाड़ी छोड़ दी। पुलिस ने मौके से चालक पिंटू कुमार को दबोच लिया। इसके बाद कुंदन कुमार भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों पलामू के रहने वाले बताये गये हैं। पुलिस ने स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी की तलाश में औरंगाबाद पुलिस पलामू में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वाहन के रजिस्ट्रेशन की जांच में मालिक का पता पटना का मिला है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।