
जोधपुर में फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में 2 बदमाश गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद
जोधपुर। जोधपुर पश्चिम पुलिस ने फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 9 जुलाई 2026 को खेड़जली कला निवासी महेंद्र सिंह की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। परिवादी ने आरोप लगाया कि फिटकासनी के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उसका पीछा कर फायरिंग की और रास्ता रोककर जान से मारने का प्रयास किया।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया (आईपीएस) एवं पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत (आईपीएस) के निर्देशन में गठित टीम ने जांच के दौरान दो आरोपियों सुभाष उर्फ रोहित (31) तथा रामप्रकाश उर्फ रोनी (22) निवासी फिटकासनी को दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त अवैध पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।