मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने शराब तस्करी के एक अनोखे तरीके का खुलासा किया है। भिखनपुर के पास कार्रवाई के दौरान एक ऑटो से 360 बोतल शराब बरामद की गई। शराब को बच्चों की कॉपियों के बंडल के बीच छिपाकर रखा गया था।
जानकारी के अनुसार, तस्करों ने कॉपियों के पन्नों के बीच का हिस्सा काटकर उसमें 180 एमएल की बोतलें फिट की थीं। बाहर से देखने पर बंडल सामान्य कॉपियों जैसा ही दिखाई दे रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने ऑटो को रोककर तलाशी ली, जिसके बाद शराब की खेप पकड़ी गई।
कार्रवाई में ऑटो चालक सद्दाम अंसारी, निवासी कांटी, को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्त शराब पर उत्तर प्रदेश निर्मित लिखा है। अधिकारियों को शराब के नकली होने का भी संदेह है, इसलिए सैंपल जांच के लिए लैब भेजा गया है।