
कोटा में दर्दनाक सड़क हादसा: भैंसों के झुंड को बचाने में पलटी कार, दो दोस्तों की मौत, दो गंभीर घायल
कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे (NH-27) पर सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे तेज रफ्तार कार के सामने अचानक भैंसों का झुंड आ गया। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। कार पहले डिवाइडर पर चढ़ी और करीब 100 मीटर तक डिवाइडर पर दौड़ती रही, इसके बाद सड़क की दूसरी ओर जाकर पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों युवक उसके भीतर फंस गए। मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, चारों दोस्त रात करीब 1:30 बजे खाना खाने के लिए घर से निकले थे। ढाबे पर भोजन करने के बाद वे कोटा लौट रहे थे। उनका टोल रात 2:26 बजे कटा था और कुछ ही मिनट बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Ladpura, Kota | Jul 13, 2026