
*अपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु पुलिस का चेकिंग अभियान जारी: पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल*
*संदिग्ध व्यक्तियों पर शिकंजा, जिलाभर में चलाया जा रहा सघन अभियान।*
12जुलाई
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के आदेशानुसार जिला पुलिस द्वारा अपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है, साथ ही यातायात नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करवाई जा रही है।
प्रवक्ता ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी थाना प्रबंधकों और यातायात प्रभारियों को आदेश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, मुंह पर कपड़ा बांधकर वाहन चलाने वाले, काली फिल्म लगे वाहनों तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति भंग करने वाले लोगों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि अपराधी वारदात को अंजाम देने के लिए बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों का उपयोग करते हैं, जिससे उनकी पहचान करना कठिन हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी न केवल सड़क हादसों को बढ़ावा देती है, बल्कि असामाजिक तत्वों को भी मौका देती है। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है और कई बार झगड़े व गंभीर घटनाएं भी सामने आती हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के कुशल नेतृत्व में जिला पुलिस ने अवैध गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्बारा रात्रि गस्त और चैंकिंग से अपराधिक गतिविधियों पर रोक लगी है तथा अपराधिक मामलों में कमी दर्ज हुई है। जिला पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।