
समस्तीपुर में खेले जा रहे सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता में सीवान ने पश्चिम चंपारण को हराया:टीम 3-2 से हुई विजयी
#समस्तीपुर शहर के रेल परिसर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के खेल मैदान में पिछले चार दिनों से 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17)-2026 हो रही थी। सोमवार को फाइनल मुकाबला पश्चिम चंपारण और सीवान के बीच खेला गया। मुकाबले में सीवान की टीम विजयी हुई।
निर्धारित 60 मिनट तक पहले-दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम निर्धारित समय सीमा के अंदर गोल नहीं कर सकी।इसके बाद ट्राईब्रेकर से हुए निर्णय में सीवान की टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पश्चिम चंपारण की टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में डीएम रोशन कुशवाहा ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पदक, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।व्यक्तिगत पुरस्कारों में सीवान की पिंकी कुमारी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, पश्चिम चंपारण की प्रीति कुमारी को सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर और पश्चिम चंपारण की तन्नु कुमारी को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर घोषित कर ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया।