फरीदाबाद के गांव सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका संध्या की हत्या के मामले में फरीदाबाद पुलिस की एवीटीएस सिकरौना टीम ने सूचना मिलने के करीब 2 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी अमित (21) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतका की जान-पहचान करीब दो वर्ष पहले उस समय हुई थी, जब संध्या गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। आरोपी लगातार उनका पीछा करता था। संध्या ने उससे दूरी बना ली और चेतावनी दी कि दोबारा परेशान करने पर कानूनी कार्रवाई करेंगी। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते आरोपी स्कूल पहुंचा और चाकू से हमला कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर एवीटीएस सिकरौना टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।