
मैलानी–नानपारा रेल खंड के लिए वैकल्पिक बड़ी रेल लाइन की डीपीआर को मंजूरी, सर्वेक्षण होगा शुरू
नई दिल्ली/लखनऊ। केंद्र सरकार ने मैलानी–नानपारा रेल खंड के लिए वैकल्पिक बड़ी रेल लाइन (ब्रॉड गेज) की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने हेतु सर्वेक्षण को मंजूरी दे दी है। यह जानकारी केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
मंत्री ने बताया कि वर्तमान में मैलानी और नानपारा मीटर गेज रेल लाइन से जुड़े हैं। इस मार्ग का लगभग 128 किलोमीटर हिस्सा दुधवा राष्ट्रीय उद्यान और वन क्षेत्र से होकर गुजरता है, जिसके कारण इस रेल खंड का आमान परिवर्तन कार्य शुरू नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि निर्बाध ब्रॉड गेज संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से दुधवा राष्ट्रीय उद्यान और रायभोज–नानपारा खंड से बचते हुए मैलानी–भीरा खीरी (16 किमी) तथा भीरा खीरी–रायभोज नई रेल लाइन (120 किमी) के निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने हेतु सर्वेक्षण को स्वीकृति दी गई है।
सरकार के अनुसार डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना को अंतिम मंजूरी के लिए राज्य सरकार, वन विभाग, नीति आयोग, वित्त मंत्रालय समेत विभिन्न संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति और मूल्यांकन कराया जाएगा। परियोजना की स्वीकृति इन्हीं प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद मिलेगी।
रेल मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान मैलानी–नानपारा मीटर गेज रेल लाइन सुरक्षित है तथा इसका नियमित निरीक्षण और अनुरक्षण किया जाता है। इस खंड में करीब 109 किलोमीटर रेलपथ के नवीनीकरण को मंजूरी दी गई है। साथ ही एक आर्च ब्रिज के पुनर्निर्माण, 6 नए पुलों के निर्माण और पुल संख्या-97 के गाइड बंड को मजबूत करने के लिए 8.3 करोड़ रुपये के निर्माण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। #highlightseveryone #followerseveryone