
चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने दिया इस्तीफा, 13 साल के प्रशासनिक सफर को बताया अविस्मरणीय
नई दिल्ली: चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वर्ष 2013 बैच की IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने अपने करीब 13 साल के प्रशासनिक सेवा के सफर को अविस्मरणीय और जीवन का महत्वपूर्ण अनुभव बताया।
दिव्या मित्तल ने अपने संदेश में अपने संघर्षों और करियर के लंबे सफर को भी याद किया। उन्होंने बताया कि साधारण परिवेश से आने के बावजूद उनके मन में हमेशा एक सफल और बेहतर जीवन बनाने का सपना था। अपने सपनों को पूरा करने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और देश के प्रतिष्ठित संस्थानों IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से शिक्षा प्राप्त की।
पढ़ाई पूरी करने के बाद दिव्या मित्तल को लंदन में नौकरी करने का अवसर मिला। करियर के लिहाज से यह एक बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन विदेश में रहते हुए उन्हें अपने जीवन में कुछ अधूरापन महसूस होने लगा।
उन्होंने बताया कि तमाम सुविधाएं और सफलता मिलने के बावजूद उन्हें अपने देश से दूर रहने की बात हमेशा परेशान करती रही। इसके बाद उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया और देश की सेवा करने के उद्देश्य से सिविल सेवा की राह चुनी। आगे चलकर उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS में हुआ।
दिव्या मित्तल ने अपने संदेश में कहा कि वह जिस भारत का सपना देखती थीं, उसके निर्माण में अपना योगदान देना चाहती थीं। उन्होंने इच्छा जताई कि देश को बेहतर बनाने वाली ईंटों पर उनके हाथों के निशान भी हों।
करीब 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में रहते हुए दिव्या मित्तल ने विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। उनके इस्तीफे की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनके फैसले और प्रशासनिक सफर को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
IAS अधिकारी दिव्या मित्तल का यह फैसला अब चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग उनके भविष्य के अगले कदम को लेकर उत्सुक हैं।
#ias #divyamital