
‘हमें ही निपटा दिया’, अजय सिंह राहुल का छलका दर्द; बोले- भाजपा से नहीं, अब अपनों से लड़ाई
Ajay Singh का दर्द एक बार फिर सार्वजनिक मंच पर छलक पड़ा। मध्य प्रदेश के देवास जिले के Sonkatch में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने पार्टी की अंदरूनी कलह पर खुलकर बात की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने साफ कहा कि आज कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा अपने ही लोगों से सावधान रहने की जरूरत है।
अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस में कुछ ऐसे लोग मौजूद हैं जिन्हें किसी साथी नेता या कार्यकर्ता की हार में खुशी मिलती है। उन्होंने तीखे अंदाज में कहा, “कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें किसी के हारने से खुशी होती है। लेकिन जब पार्टी में कुछ बचेगा ही नहीं तो आखिर किस बात की खुशी मनाओगे?” उनके इस बयान को कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी पर सीधा हमला माना जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जो लोग किसी कारणवश पार्टी से दुखी या दूर हो गए हैं, उन्हें फिर से एक मंच पर लाया जाए। अजय सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को जोड़ना बेहद जरूरी है। उनके मुताबिक, पार्टी की असली ताकत जमीन से जुड़े कार्यकर्ता ही हैं।
अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए अजय सिंह ने 2018 विधानसभा चुनाव का दर्द भी साझा किया। उन्होंने कहा, “जब मैं नेता प्रतिपक्ष था, तब हमने मेहनत करके सरकार बनवा दी, लेकिन दुर्भाग्य देखिए कि हमें ही निपटा दिया।” उनका यह बयान कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बन गया।
2018 चुनाव में अपनी हार को लेकर उन्होंने खुलकर बात की। अजय सिंह ने बताया कि उस समय वे पूरे चुनाव के दौरान Kamal Nath के साथ प्रदेशभर में प्रचार में व्यस्त रहे और अपने क्षेत्र में पर्याप्त समय नहीं दे सके। उन्होंने कहा, “मैं अपने क्षेत्र में गया ही नहीं था। अगर दो दिन भी क्षेत्र में चला जाता तो शायद हारता नहीं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि बाद के चुनाव में क्षेत्र पर फोकस करने का परिणाम जीत के रूप में सामने आया।
कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में 25 साल से कांग्रेस की सरकार नहीं है। इसका असर नई पीढ़ी पर साफ दिख रहा है। उन्होंने कहा, “आज 30 साल का युवा यह भी नहीं जानता कि मध्य प्रदेश में कभी कांग्रेस की सरकार रही है। उसे सिर्फ भाजपा याद है।”
अजय सिंह ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से वे बिना किसी आधिकारिक निर्देश के मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा कर रहे हैं। उनका उद्देश्य पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करना है। उन्होंने एक भावुक संकल्प भी दोहराया—जब तक मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनती, तब तक वे न माला पहनेंगे और न ही सिर पर साफा बांधेंगे।
सोनकच्छ में दिए गए अजय सिंह के बयान ने साफ संकेत दे दिए हैं कि कांग्रेस की चुनौती सिर्फ विपक्ष से नहीं, बल्कि अंदरूनी खींचतान से भी है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी इस संदेश को कितनी गंभीरता से लेती है।
#ajaysinghrahul #MPnews #MPcongress #Breakingnews #thevindhya