रामदेवरा से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार से भिड़ी क्रेटा, सड़क किनारे पलटी;
ओसियां। चेराई-घेवड़ा रोड पर एचपी पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। रामदेवरा से लौट रहे गुजराती श्रद्धालुओं की आल्टो कार और जोधपुर की ओर जा रही क्रेटा कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद क्रेटा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के दौरान तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर चेराई चौकी के एएसआई देवी सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
स्थानीय लोगों की मदद से सड़क किनारे पलटी क्रेटा कार को सीधा कराया गया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी वाहन सवार को चोट नहीं आई। सभी सुरक्षित बाहर निकल आए।
पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।