पटना: बिहार में नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। पटना, बक्सर, भोजपुर, सारण, वैशाली, बेगूसराय, मुंगेर, समस्तीपुर, लखीसराय, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार में बाढ़ का असर देखा जा रहा है। पटना के गांधीघाट पर गंगा का पानी पुराने रिकॉर्ड से ऊपर पहुंच गया है, जिससे निचले इलाकों में चिंता बढ़ गई है। आरा और हाजीपुर के कई हिस्सों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। सारण में बांध टूटने के बाद आसपास के गांवों में पानी फैलने की सूचना है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। NDRF और SDRF की टीमें तैनात हैं। जरूरतमंद लोगों के लिए नाव, मेडिकल कैंप और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अधिकारियों को राहत कार्य पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।