
‘महाभारत’ के भीम सौरव गुर्जर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, महिला ने शादी का झांसा देकर उत्पीड़न का लगाया आरोप,
हैदराबाद। टीवी सीरियल महाभारत में भीम का किरदार निभाने वाले अभिनेता एवं पूर्व WWE रेसलर सौरव गुर्जर के खिलाफ एक महिला की शिकायत पर गाचीबोवली पुलिस ने मामला दर्ज किया है। महिला ने आरोप लगाया है कि सौरव ने शादी का वादा कर उनके साथ संबंध बनाए और बाद में उन्हें मानसिक एवं शारीरिक रूप से परेशान किया।
रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने सौरव गुर्जर को मुंबई एयरपोर्ट से हिरासत में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए हैदराबाद ले गई। मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, महिला की शिकायत के अनुसार, दोनों की मुलाकात 2021 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। महिला ने दावा किया कि सौरव ने उनसे शादी करने और पत्नी के समान अधिकार देने का भरोसा दिलाया। शिकायत में यह भी आरोप है कि सौरव के कहने पर उन्होंने अमेरिका की नौकरी छोड़ दी, क्योंकि दोनों ने साथ मिलकर कारोबार शुरू करने की योजना बनाई थी।
महिला ने यह भी दावा किया कि दोनों अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 के बीच साथ रहे और बाद में हैदराबाद में भी साथ रहने के दौरान सौरव अचानक वहां से चले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोप अभी आरोप हैं और इनकी पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होनी बाकी है।