
बिजली कटौती पर सपा का अर्धनग्न प्रदर्शन, 48 घंटे में। व्यवस्था नहीं सुधरी तो भूख हड़ताल की चेतावनी।
बरहज (देवरिया)। लगातार बिजली कटौती के विरोध में सोमवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बरहज तहसील परिसर में अर्धनग्न प्रदर्शन किया। सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाथ में लालटेन और हाथ वाले पंखे लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान विजय रावत ने कहा कि बरहज नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 48 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे आम जनता, किसान, व्यापारी और युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग और जनप्रतिनिधियों को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। वार्ड संख्या-24 के लगड़ा क्षेत्र में जर्जर बिजली पोल को बदलने की मांग भी लंबे समय से लंबित है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता के साथ भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। विजय रावत ने भाजपा सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने स्मार्ट सिटी बनाने का वादा किया था, लेकिन जनता को स्मार्ट मीटर देकर परेशान किया जा रहा है।
प्रदर्शन में विकास यादव, अमित प्रधान, अजीत प्रसाद, राहुल सिंह, संजय सिंह, रामपाल चौहान, पट्टू यादव, छोटे लाल यादव, वीरेंद्र कुमार, राकेश राजभर सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#barhajnews #deorianews #ख़बर_टाइम्स
Barhaj, Deoria | Jul 13, 2026