
देहरा में अब दो नदियां बह रही हैं—एक ब्यास, दूसरी विकास की गंगा: पुष्पेंद्र शर्मा #कांगड़ालाइव #dehra
देहरा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का देहरा दौरा ऐतिहासिक रहा। जब से देहरा की बेटी कमलेश ठाकुर विधायक बनी है। देहरा में अब दो नदियां बह रही हैं—एक ब्यास और दूसरी विकास की गंगा। यह बात एचपीएमसी के निदेशक व कांग्रेस नेता पुष्पेंद्र शर्मा ने मुख्यमंत्री के देहरा दौरे के बाद कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कदम जहां-जहां पड़े, वहां विकास के पदचिह्न दिखाई दिए हैं। देहरा को लगातार बिना मांगे विकास की सौगातें मिल रही हैं। देहरा विधानसभा क्षेत्र के लोग विधायक कमलेश ठाकुर जो कि देहरा की बेटी हैं उनके ऋणी है।
पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पौंग झील के मछुआरों की पीड़ा और उनके संघर्ष को समझते हुए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मछुआरा सम्मान निधि के तहत 800 मछुआरों को 3,500-3,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। उन्होंने कहा कि खास बात यह है कि इन मछुआरों ने कभी किसी सरकार से इस तरह की सहायता की मांग नहीं की थी, लेकिन मुख्यमंत्री ने उनकी परिस्थितियों को समझकर उनके लिए खजाना खोल दिया।
उन्होंने कहा कि पौंग झील में मछली पकड़ने पर पहले मछुआरों को सरकार को 15 प्रतिशत रॉयल्टी देनी पड़ती थी। सरकार ने इसे पहले घटाकर साढ़े सात प्रतिशत किया और अब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसे घटाकर महज एक प्रतिशत कर दिया है। इससे मछुआरा समुदाय को बड़ी राहत मिली है।
देहरा में 210 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के देहरा दौरे के दौरान करीब 210 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए गए। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि देहरा सरकार की प्राथमिकता में है और क्षेत्र में विकास की रफ्तार लगातार तेज हो रही है।
उन्होंने कहा कि देहरा में भूमिगत यूटिलिटी डक्ट का निर्माण भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शिमला की तर्ज पर देहरा में भी भूमिगत डक्ट बनाने की बात कही है, जिससे शहर की व्यवस्थाओं और बुनियादी ढांचे को आधुनिक रूप मिलेगा।
बनखंडी जूलॉजिकल पार्क के लिए 100 करोड़ जारी
मुख्यमंत्री ने बनखंडी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के जूलॉजिकल पार्क के लिए 100 करोड़ रुपये और जारी करने की घोषणा की है। यह परियोजना कुल 619 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है। अब तक इस पर 150 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि कांगड़ा को पर्यटन राजधानी घोषित किए जाने के बाद देहरा और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं। आने वाले समय में देहरा हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है।
हेलीपैड पर ही बढ़ल को मिली अस्पताल की सौगात
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के देहरा दौरे की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक यह भी रही कि बढ़ल स्कूल ग्राउंड में हेलीपैड पर उतरते ही बढ़ल की डिस्पेंसरी को अपग्रेड कर अस्पताल का दर्जा देने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने इसके लिए देहरा की बेटी और विधायक कमलेश ठाकुर का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि जब से कमलेश ठाकुर ने विधायक बनकर देहरा की कमान संभाली है, क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है।
पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने देहरा विधानसभा क्षेत्र में 100 करोड़ रुपये की लागत वाली पेयजल परियोजनाओं के कार्यान्वयन की जानकारी दी। ओजोन तकनीक आधारित पेयजल परियोजना को भी अगले एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
देहरा अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन एक वर्ष के भीतर स्थापित करने की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की है।
मछुआरों के साथ पौंग विस्थापितों को भी राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पौंग बांध विस्थापितों की समस्याओं से पूरी तरह अवगत है। सरकार ने 200 विस्थापित परिवारों को मकान बनाने के लिए भूमि उपलब्ध करवाई है और अन्य पात्र परिवारों को भी समय के साथ योजना के दायरे में लाया जाएगा।
वहीं मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में कर्मचारियों को महंगाई भत्ता देने की भी घोषणा की गई। 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को वेतन बकाया के अतिरिक्त 20 हजार रुपये देने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही।
पुष्पेंद्र शर्मा ने कहा कि देहरा में जिस तरह से विकास कार्यों को गति मिली है, उससे आने वाले वर्षों में क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है। उन्होंने कहा कि ब्यास नदी देहरा की पहचान पहले से है, लेकिन अब विकास की गंगा भी देहरा में बह रही है।
Kangra, Kangra | Sep 3, 2026