
सदन की साधारण बैठक से शहर के विकास को मिलेगी रफ्तार - सुमन बहमनी
नगर निगम सदन की साधारण बैठक 16 जुलाई को, 42 प्रस्तावों पर होगी चर्चा
यमुनानगर। नगर निगम सदन की साधारण बैठक 16 जुलाई को सुबह 11 बजे जिमखाना क्लब में होनी तय हुई है। मेयर सुमन बहमनी की अध्यक्षता में निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की मौजूदगी में होनी वाली सदन की साधारण बैठक में शहर के विकास के साथ एजेंडे में शामिल 43 प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। वहीं, पूर्व में हुई सदन की बैठकों में पास प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी जाएगी।
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि बैठक में नगर निगम क्षेत्र के प्रवेश द्वारों के सौंदर्यीकरण, नगर निगम के भवनों व पार्काें में वर्षा जल संचयन स्थापित करने, नगर निगम क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही मीट की दुकानों, अंडरग्राउंड नालों की सफाई के लिए जेटिंग मशीनें खरीदने, वार्डाें में 25-25 लाख के मरम्मत कार्याें के संबंध में अब तक क्या कार्रवाई की गई है। इसका जवाब मांगा जाएगा। इसके अलावा शहर की सड़क किनारे लगने वाली रेहड़ियों को स्ट्रीट वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने, हरियाणा सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में सम्मलित की गई कॉलोनियों मूलभूत सुविधाएं व विकास कार्य करवाने के संबंध में चर्चा की जाएगी। इनके अलावा शहर में होने वाले जलभराव से निपटने, सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग प्रक्रिया, निगम की कुल जमीन, अवैध कब्जों व खाली जमीन की जानकारी ली जाएगी। इनके अलावा विभिन्न वार्डाें में गलियों, नालियों, सामुदायिक केंद्रों के निर्माण के संबंध में पार्षदों के माध्यम से आए प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी।
फोटो - सदन की बैठक की जानकारी देती मेयर सुमन बहमनी।