
बासुकिनाथ में ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ के साथ 3 युवक गिरफ्तार
बासुकिनाथ में नशे के कारोबार के खिलाफ जरमुंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुदर्शन कुमार गोस्वामी (25), शशि कुमार उर्फ शशि शेखर (19) और शिवम गुप्ता (25) के रूप में हुई है।
पुलिस निरीक्षक दयानंद साह के अनुसार, बासुकिनाथ मार्केटिंग कॉम्पलेक्स के पास छापेमारी कर कथित रूप से खरीद-बिक्री कर रहे युवकों को पकड़ा गया। तलाशी में कुल 3.75 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, 19,450 रुपये नकद, एक एटीएम कार्ड और 3 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, डीएसपी संदीप भगत ने डीडी किट से पदार्थ की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया ब्राउन शुगर पाया गया।
पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। अलग-अलग पुड़ियों में बरामद पदार्थ का वजन क्रमशः 0.590 ग्राम, 1.240 ग्राम और 1.920 ग्राम बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने हंसडीहा क्षेत्र से ब्राउन शुगर खरीदकर बासुकिनाथ में बेचने और स्वयं सेवन करने की बात बताई है। हालांकि बरामद पदार्थ की अंतिम प्रकृति जांच के बाद स्पष्ट होगी।
जब्त सामान को सील कर जब्ती सूची तैयार की गई है। जरमुंडी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
#Basukinath #DumkaNews #DrugCrime #JharkhandPolice #JharkhandNews