
70 लीटर अवैध कच्ची शराब और बाइक के साथ तस्कर गिरफ्तार, भेजा जेल
पिपरई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: केशोपुर पुलिया के पास नाकाबंदी कर दबोचा आरोपी
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, लगभग 10,500 रुपये की शराब जप्त
पिपरई/अशोकनगर।
अशोकनगर जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिपरई थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर एक शराब तस्कर को दबोचा है। उसके पास से 70 लीटर हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब और परिवहन में प्रयुक्त काले रंग की प्लेटिना मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
केशोपुर पुलिया के पास की गई नाकाबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतर सिंह कनेश व एसडीओपी मुंगावली ओमप्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस लगातार गश्त कर रही है। 18 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान राधाकृष्ण मंदिर के पास पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मारोन निवासी गजराम अहिरवार प्लेटिना बाइक पर नीले रंग की कैनों में शराब भरकर सिलावन से केशोपुर की ओर बेचने ले जा रहा है।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम सिलावन रोड स्थित केशोपुर पुलिया पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध बाइक को रोककर जांच की गई तो बाइक पर तौलिए से बंधी दो प्लास्टिक कैनों में 70 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,500/— बताई जा रही है।
न्यायालय से भेजा गया जिला जेल
पुलिस ने आरोपी गजराम अहिरवार को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अपराध क्रमांक 261/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से जेल वारंट बनने के बाद उसे जिला जेल अशोकनगर भेज दिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी पिपरई निरीक्षक नरेंद्र त्रिपाठी, सहायक उप-निरीक्षक (सउनि) रघुवीर सिंह तथा प्रधान आरक्षक (प्रआर 334) भगवान सिंह जाटव का विशेष व सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा।
SP Ashoknagar - M.P.