
पटना जिले के पालीगंज स्थित नगर पंचायत पालीगंज के सामान्य बोर्ड की बैठक प्रखंड परिसर स्थित मनरेगा भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप मुख्य पार्षद रजनी कुमारी ने किया। बैठक में नगर के विकास, साफ-सफाई, जलजमाव, सड़क और स्ट्रीट लाइट सहित कई जनसमस्याओं पर चर्चा हुई और महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक की शुरुआत में उप मुख्य पार्षद रजनी कुमारी ने सभी वार्ड पार्षदों और पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सबकी प्राथमिकता है। सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ हर वार्ड तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना हमारा दायित्व है। बैठक में सबसे ज्यादा जोर सफाई व्यवस्था और जलजमाव की समस्या पर रहा। पार्षदों ने बरसात में कई वार्डों में जलजमाव की शिकायत रखी। इस पर निर्णय लिया गया कि नालों की नियमित सफाई कराई जाएगी और बंद पड़े पंपों को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। इसके अलावा नगर के मुख्य मार्गों पर टूटी सड़कों के मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। स्ट्रीट लाइट को लेकर भी चर्चा हुई। कई वार्डों में खराब लाइटें तुरंत ठीक कराने और अंधेरे वाले इलाकों में नई लाइटें लगाने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डस्टबिन की संख्या बढ़ाने और कचरा उठाव की व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी सहमति बनी। स्वास्थ्य के मुद्दे पर नगर में नियमित फॉगिंग और नाली में दवा छिड़काव कराने का प्रस्ताव पारित हुआ। साथ ही सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव को लेकर सख्त निर्देश दिए गए। उप मुख्य पार्षद ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। उन्होंने सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्ड में विकास कार्यों की निगरानी करने और समस्याओं को समय पर बोर्ड में रखने को कहा। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी भावना, स्वच्छता पदाधिकारी अलंकारिका, वार्ड पार्षद संजय कुमार, राज किशोर कुमार, संतोष प्रसाद, संजय प्रसाद, प्रवीण कुमार, परवेज हुसैन, सुमन सिन्हा, सूरती कुमारी, रिभा कुमारी। पूनम देवी रंजना देवी सहित अन्य अन्य कर्मी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई। #paliganjpatna #nagarpanchayat #meeting #Councilors
Maner, Patna | Jul 11, 2026