
राणेरी हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
फलोदी। बाप थाना क्षेत्र के राणेरी गांव में जमीनी विवाद के चलते ट्रैक्टर से कुचलकर महिला की हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी श्यामलाल बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जिला पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया कि 29 जून 2026 को परिवादी सुभाष बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार उसका भाई दिनेश खेत में खड़ाई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान श्यामलाल, रमेश कुमार, विकास, सोमारी, शारदा, समता, सुआ और धापू एकराय होकर मौके पर पहुंचे और दिनेश के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने आई दिनेश की ताई शांति देवी पर आरोपियों ने कथित रूप से जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
थाना प्रभारी रमेश कुमार ढाका के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी श्यामलाल बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर, घटना के कारणों और अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।