बिहार के जमुई, समस्तीपुर और बांका में छात्राओं के साथ हुई बदसलूकी और छेड़खानी की घटनाओं को लेकर भोजपुरी अभिनेता और गायक **खेसारी लाल यादव** ने नाराजगी जताई है। उन्होंने युवाओं से दूसरों की बहन-बेटियों का भी सम्मान करने की अपील की।
खेसारी लाल ने कहा कि जब तक लोग दूसरों की बेटियों को अपनी बहन-बेटी की तरह नहीं देखेंगे, तब तक ऐसी घटनाएं रुकना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि जिस दिन किसी के घर बेटी पैदा होगी, उस दिन उसे बेटियों के सम्मान की अहमियत समझ आएगी।
उन्होंने **जमुई मामले** का जिक्र करते हुए कहा कि अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता। अपराध साबित होने पर सभी आरोपियों के खिलाफ बिना भेदभाव कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
खेसारी ने युवाओं से अपनी सोच और नीयत बदलने की अपील करते हुए कहा कि हर जगह पुलिस मौजूद नहीं रह सकती, इसलिए समाज में खुद जिम्मेदारी की भावना जरूरी है।