जमीनी विवाद में कुल्हाड़ी-डंडों से हमला, एक ही परिवार के तीन लोग घायल
छतरपुर। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम टुटका देवगांव में जमीनी विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन पर बारी लगाने गए परिवार पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे तीनों घायल हो गए।
घायल प्रयगी लाल पटेल (50), श्रृंगार रानी पटेल (45) और रामावतार पटेल (28) ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6 बजे वे अपनी जमीन पर बारी लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के बालाजी पटेल, उसकी पत्नी हरबाई पटेल और किशोरी वहां पहुंचे और उन्हें काम करने से रोकते हुए विवाद करने लगे। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने कुल्हाड़ी व डंडों से हमला कर दिया। हमले में तीनों को चोटें आईं, जिसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। पीडि़त पक्ष ने मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की शिकायत के आधार पर जांच में जुटी हुई है।