
मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत जिया परवीन बनीं डायट की सांकेतिक प्राचार्य
देवरिया। मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत महिला सशक्तीकरण, नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), रामपुर कारखाना, देवरिया में महिला प्रशिक्षु जिया परवीन को सांकेतिक प्राचार्य बनाया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के प्राचार्य डॉ. राम जियावन मौर्य की पहल पर किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में नेतृत्व की भावना विकसित करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
सांकेतिक प्राचार्य के रूप में जिया परवीन को संस्थान की प्रशासनिक एवं शैक्षिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि उचित अवसर, विश्वास और मार्गदर्शन मिलने पर महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका निभा सकती हैं।
इस अवसर पर संस्थान के वरिष्ठ प्रवक्ता श्री इंद्रजीत कुमार, श्री मुकेश कुमार एवं श्री कुलदीप नारायण सिंह सहित प्रवक्ता श्री अखिलेश कुमार राय, श्री अनिल कुमार तिवारी, श्री गोविन्द जी गुप्ता एवं श्री रामदास उपस्थित रहे। वहीं, कार्यालय स्टाफ से श्री सत्यम श्रीवास्तव, श्री कृष्ण कुमार मौर्य सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला प्रशिक्षुओं को आत्मनिर्भर बनने, अपनी नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा सामाजिक एवं शैक्षिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत आयोजित यह पहल महिला सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तीकरण की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
Deoria, Deoria | Oct 17, 2026