खंडहर मकान से भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद, अज्ञात तस्करों पर केस दर्ज,
शिवहर। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहर के राजस्थान चौक के समीप स्थित एक गली में खंडहर पड़े मकान से भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद की है। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। इस दौरान खंडहर मकान से 5 कार्टन और 1 पेटी में रखी 342 पीस नेपाली शराब तथा 3 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
उन्होंने बताया कि शराब को जब्त कर लिया गया है तथा अज्ञात तस्करों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब किसकी थी और इसे किस उद्देश्य से वहां छिपाकर रखा गया था।