
12जुलाई
*एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने 51 ग्राम हेरोइन (स्मैक)के साथ ई-रिक्शा चालक को किया गिरफ्तार, दो महीने से कर रहा था नशा तस्करी:*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 ग्राम हेरोइन के साथ एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जगाधरी वर्कशॉप रोड स्थित गुरु तेग बहादुर गली में नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में घूम रहा है। इस सूचना के आधार पर एएसआई कर्मबीर के नेतृत्व में अमित कुमार, जयपाल, मराठा, कुलदीप, ललित और आशीष की टीम का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया। नियमानुसार मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट को बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 51 ग्राम हेरोइन (स्मैक ) बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान पुराना हमीदा खड्डा कॉलोनी निवासी अब्दुल जब्बार पुत्र मौ. अख्तर के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी अवैध शराब से संबंधित एक मामला दर्ज है।
इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी है और पिछले करीब दो महीनों से हेरोइन बेचने का काम कर रहा था। वह पेशे से ई-रिक्शा चालक है और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से ई-रिक्शा लेकर यमुनानगर में चलाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हेरोइन किससे खरीदता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था। इसके लिए उसे पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।