
कलान के अनाथ मासूमों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर कर नील मणि ने मनाई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
संत कबीर नगर। धनघटा विधानसभा धरती पर प्रेम, आश्रय और न्याय की स्थापना करना भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों का मूल सार रहा है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर धनघटा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं हैसर बाजार-धनघटा नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि नील मणि ने नाथनगर ब्लॉक के ग्राम कलान पहुंचकर अनाथ मासूम बच्चों के साथ जन्माष्टमी का पर्व मनाया और समाज को मानवता एवं सेवा का संदेश दिया।
शुक्रवार की सुबह नील मणि कलान गांव पहुंचे, जहां उन्होंने माता-पिता के स्नेह से वंचित अनाथ बच्चों के साथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के लिए घरेलू आवश्यक सामान, खाद्यान्न एवं मिठाइयां भेंट कीं और उनकी कुशलक्षेम जानी।
नील मणि ने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात करते हुए उनके सिर पर स्नेहपूर्वक हाथ रखा और उन्हें अपनेपन एवं अभिभावकत्व का एहसास कराया। मासूम बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान देखकर वहां का माहौल भावुक और आत्मीय हो गया।
उल्लेखनीय है कि नील मणि इससे पहले भी इन अनाथ बच्चों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए सहयोग करते रहे हैं। उन्होंने बच्चों के रहने के लिए आवास की व्यवस्था कराने के साथ ही गृहस्थी के लिए आवश्यक सामान उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद वे पर्व और त्योहारों की खुशियां इन बच्चों के साथ साझा करने पहुंचते रहते हैं।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नील मणि ने कहा कि इन मासूम बच्चों में उन्हें कान्हा और माधव की छवि दिखाई देती है। इनके साथ पर्व मनाकर उन्हें आत्मीय संतुष्टि और विशेष सुख की अनुभूति होती है।
उन्होंने जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की कि इन बच्चों पर उनकी कृपा सदैव बनी रहे।
नील मणि ने कहा कि भले ही इन बच्चों का बचपन माता-पिता के दुलार से वंचित रहा हो, लेकिन समाज के प्रत्येक व्यक्ति का स्नेह और सहयोग उन्हें मिलता रहे, यही सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने बच्चों के सुखद, सुरक्षित और समृद्ध जीवन की कामना की।
Neel Mani
BJP Uttar Pradesh
Pankaj Chaudhary
Ramapati Ram Tripathi