
#किशनगंज: जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय संबंधित पदाधिकारियों के साथ लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई।
डीएम ने कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चय 3 - सबका सम्मान जीवन आसान के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक सप्ताह के दो कार्य दिवस सोमवार एवं शुक्रवार को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल और जिला के सभी सरकारी कार्यालयों में सेवा संवाद समाधान" कार्यक्रम का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इस दौरान संबंधित पदाधिकारी निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहकर आम लोगों से सम्मानपूर्वक मिलेंगे और उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगे।
जन शिकायतों के प्रभावी निवारण के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें आम नागरिक सीधे अपनी समस्या, शिकायतें और सुझाव रख सकेंगे। डीएम ने सभी क्षेत्रीय कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से *सेवा संवाद समाधान कार्यक्रम* की समीक्षा करेंगे और इसका आयोजन हर हाल में सुनिश्चित करेंगे। बैठक में डीएम ने सभी कार्यालय प्रधानों को निर्देश दिया कि वे अपने कार्यालय का नियमित निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार के लंबित आवेदनों का निष्पादन एक सप्ताह के अंदर हर हाल में सुनिश्चित करें। जैसे जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति-आय-आवासीय, भूमि विवाद, नापी, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, प्राथमिकी, सभी प्रकार के पेंशन, अनुदान आदि को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा गया। डीएम ने सभी पदाधिकारियों को अपने कार्यालय कक्ष में निर्धारित समय पर बैठकर आम लोगों से मिलने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने का भी निर्देश दिया।
#KishanganjNews #BiharNews #bihar #Kishanganj #boltakishanganjnews