
ताली गांव में बड़ा हादसा: धान कुटवाने गई महिला की साड़ी चक्की में फंसी, हालत नाजुक
मंगलपुर थाना क्षेत्र के ताली गांव में रविवार को धान कुटाई के दौरान एक महिला की साड़ी चक्की के पट्टे में फंस जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मुंडेरा किन्नर मजरा ताली गांव निवासी सुनीता पत्नी रघुवीर रविवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव में स्थित धान कुटाई की चक्की पर धान कुटवाने गई थीं। इसी दौरान उनकी साड़ी चक्की के घूमते पट्टे में फंस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गईं।
हादसा होते ही चक्की संचालक ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलने पर महिला के मामा प्रेम बाबू मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक पहुंचाया।
सीएचसी झींझक में तैनात चिकित्सक डॉ. सोनाली आनंद ने रविवार दोपहर करीब तीन बजे बताया कि महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन गंभीर चोटें होने के कारण बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।