
देहरादून में तेज रफ्तार कार का कहर: स्कूटी-बाइक को मारी टक्कर, महिला की मौत; चालक समेत दो गिरफ्तार
देहरादून: राजपुर थाना क्षेत्र के कैनाल रोड पर देर रात तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार 26 वर्षीय नैना राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल दूसरी महिला निधि कश्यप का दून अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कार, स्कूटी और मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हालत में मिलीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मारी, जिसकी चपेट में दोनों महिलाएं आ गईं।
ब्रेक फेल होने का दावा
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए कार चालक सुमित यादव ने पूछताछ में बताया कि वह काठ बंगला से कैनाल रोड की ओर आ रहा था। इसी दौरान कार के ब्रेक नहीं लगे और वाहन सड़क किनारे खड़े वाहनों से जा टकराया।
राजपुर पुलिस ने कार चालक सुमित यादव और उसके साथी हाशिम को गिरफ्तार कर लिया है। दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में लेकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मृतका के पंचायतनामा की कार्रवाई के साथ ही हादसे के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
रुड़की में भी भीषण हादसा
वहीं, रुड़की में भी तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
⚠️ तेज रफ्तार और सड़क पर लापरवाही एक पल में जिंदगी बदल सकती है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें।
#Dehradun #DehradunNews #Rajpur #CanalRoad #RoadAccident #UttarakhandNews #UttarakhandPolice #RoadSafety #BreakingNews #Roorkee #RoorkeeNews #AccidentNews #उत्तराखंड #देहरादून #राजपुर #कैनालरोड #सड़कहादसा #रुड़की #रुड़कीहादसा #तेजरफ्तार #रोडसेफ्टी #UttarakhandLive24