
*पांवटा साहिब, 12 अक्टूबर 2026।* श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय, पांवटा साहिब के लिए यह अत्यंत गर्व और हर्ष का अवसर है कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) की अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में महाविद्यालय की महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग में विजेता बनने के साथ-साथ ओवरऑल ट्रॉफी भी अपने नाम की। वहीं, महाविद्यालय की पुरुष हॉकी टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में उपविजेता का स्थान प्राप्त किया।
इस शानदार उपलब्धि के उपलक्ष्य में दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान तथा महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने दोनों टीमों का गर्मजोशी से स्वागत किया और खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने दोनों हॉकी टीमों के खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना की सराहना की। उन्होंने शारीरिक शिक्षा विभाग के प्रभारी प्रो. जफर अली को इस शानदार उपलब्धि के लिए विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रो. जफर अली के कुशल मार्गदर्शन, अथक प्रयासों और खिलाड़ियों के प्रति समर्पण के कारण महाविद्यालय खेलों के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उनकी असाधारण उपलब्धियां न केवल महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।
इस अवसर पर प्रो. जसवंत सैनी, प्रो. विम्मी रानी, प्रो. स्वामी नाथ, प्रो. रिंकू अग्रवाल, प्रो. डी.एस. तोमर, प्रो. संजीव कुमार तथा प्रो. नीलम भी उपस्थित रहे। सभी ने दोनों हॉकी टीमों और प्रो. जफर अली को इस उल्लेखनीय सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी तथा भविष्य में भी इसी प्रकार महाविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शारीरिक शिक्षा विभाग एवं सभी खिलाड़ियों के प्रयासों की सराहना की। महिला टीम द्वारा चैंपियनशिप और ओवरऑल ट्रॉफी जीतना तथा पुरुष टीम का उपविजेता रहना महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है।
*प्राचार्य*
*राजकीय महाविद्यालय*
*पांवटा साहिब*