बिहार के वैशाली जिले के सैदपुर रजौली गांव के अग्निवीर जवान आदित्य कुमार का अस्थि कलश करीब 45 दिन बाद उनके पैतृक गांव पहुंचा। आदित्य अगस्त में अरुणाचल प्रदेश के दिबांग वैली में बादल फटने के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन के दौरान लापता हो गए थे। वे पासुपानी आर्मी कैंप में तैनात थे। सेना के रेस्क्यू अभियान के दौरान उनका शव मलबे से बरामद किया गया। शव की स्थिति को देखते हुए अरुणाचल प्रदेश में ही सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शनिवार को अस्थि कलश गांव पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पूर्व सैनिकों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। गांव से तिरंगा यात्रा निकाली गई और जवान को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद कोनहारा घाट पर पूरे सम्मान के साथ अस्थि कलश का विसर्जन किया गया। आदित्य के घर और पूरे गांव में शोक का माहौल रहा।