
बदायूं: मेंथा फैक्ट्री के टैंक में सफाई के दौरान बड़ा हादसा, दो सगे भाइयों की मौत, तीसरे की हालत गंभीर
बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में स्थित एक मेंथा प्लांट में गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री के टैंक की सफाई करने उतरे तीन सगे भाई जहरीली गैस की चपेट में आ गए। हादसे में दो भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे भाई की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सबसे पहले एक भाई टैंक के अंदर सफाई करने उतरा था। कुछ देर बाद उसकी कोई आवाज न आने पर दूसरा भाई उसे बचाने के लिए नीचे गया, लेकिन वह भी बेहोश हो गया। इसके बाद तीसरा भाई दोनों को निकालने के लिए टैंक में उतरा और वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गया। तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो भाइयों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में टैंक के भीतर जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन की भी पड़ताल की जा रही है।
#badaun #badaun24news #news