
हियरिंग एड से गूंजी खुशियों की आवाज़, आरबीएसके योजना द्वारा संवरा बच्चों का भविष्य
पंचकूला, 28 जुलाई: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत आज जिला पंचकूला में दो बच्चों को हियरिंग एड प्रदान की गई। हियरिंग एड मिलने से अब दोनों बच्चे बेहतर तरीके से सुन सकेंगे, जिससे उनके जीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार आएगा।
आरबीएसके कार्यक्रम के तहत 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच (स्क्रीनिंग) की जाती है। स्क्रीनिंग के दौरान यदि किसी बच्चे में सुनने संबंधी समस्या पाई जाती है, तो उसकी ऑडियोलॉजिस्ट द्वारा जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र में विस्तृत जांच की जाती है। आवश्यकता अनुसार बच्चों को निःशुल्क हियरिंग एड उपलब्ध करवाई जाती है, ताकि वे सामान्य रूप से सुन सकें और उनके समग्र विकास में सहायता मिल सके।
बच्चों के परिजनों ने बताया कि आरबीएसके टीम द्वारा समय पर की गई स्क्रीनिंग से बच्चों की सुनने संबंधी समस्या का शीघ्र पता चल गया। इसके बाद जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र के माध्यम से उन्हें समय पर हियरिंग एड उपलब्ध करवाई गई, जिससे उपचार समय रहते संभव हो सका। अब दोनों बच्चे पहले की तुलना में बेहतर ढंग से सुन सकेंगे, जिससे उनकी शिक्षा, संवाद क्षमता तथा समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
बच्चों के परिवारजनों ने स्वास्थ्य विभाग एवं आरबीएसके कार्यक्रम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल ने उनके बच्चों के जीवन में नई उम्मीद जगाई है। उन्होंने विशेष रूप से उप सिविल सर्जन डॉ. शिवानी का धन्यवाद किया तथा आरबीएसके टीम एवं डीईआईसी टीम की सराहना करते हुए कहा कि समय पर स्क्रीनिंग, विशेषज्ञ जांच और निःशुल्क हियरिंग एड उपलब्ध कराने से उनके बच्चों को बेहतर जीवन जीने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिला है।