
🛑 नोहर तेज | ब्रेकिंग न्यूज़
फेफाना में महापंचायत की तैयारियाँ पूर्ण, आज जुटेंगे हजारों किसान
नोहर, 1 जुलाई। नोहर फीडर में हरियाणा की ओर से कथित रूप से दूषित पेयजल छोड़े जाने के विरोध में आज फेफाना गांव में अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले महापंचायत आयोजित होगी। महापंचायत की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
माकपा नेता मंगेज चौधरी ने दावा किया है कि महापंचायत में क्षेत्रभर से हजारों किसान शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि नोहर फीडर में दूषित पानी छोड़े जाने का मामला किसानों की सेहत, पेयजल और पर्यावरण से जुड़ा गंभीर विषय है, इसलिए बड़ी संख्या में किसान एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
महापंचायत में नोहर विधायक अमित चाचाण के भी शामिल होने की संभावना है। किसान नेताओं का कहना है कि जब तक नोहर फीडर में दूषित पानी छोड़े जाने पर स्थायी रोक नहीं लगती और किसानों की मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
महापंचायत को लेकर क्षेत्र में किसानों में उत्साह का माहौल है और विभिन्न गांवों से किसान सुबह से ही फेफाना पहुंचना शुरू हो गए हैं। इस दौरान आंदोलन की आगामी रणनीति पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है।