
मेगा अपार दिवस: जून में हर शनिवार स्कूलों में बनेंगी अपार आईडी
कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को मिलेगी आजीवन डिजिटल पहचान
नर्मदा टाइम्स, सोहागपुर। विद्यार्थियों को डिजिटल पहचान प्रदान करने और शासन की योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। विकासखंड के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में जून माह के प्रत्येक शनिवार को “मेगा अपार दिवस” आयोजित किया जाएगा। अपार आईडी (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) शिक्षा मंत्रालय की एक पहल है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को आजीवन डिजिटल पहचान प्रदान की जाती है। यह आईडी आधार से लिंक होती है, जिससे छात्रों को बार-बार दस्तावेज साथ रखने या सत्यापन कराने की आवश्यकता नहीं रहती। इसमें विद्यार्थियों की मार्कशीट, डिग्री, डिप्लोमा एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियां सुरक्षित रूप से डिजिटल रूप में संग्रहीत रहती हैं। विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री राकेश रघुवंशी ने बताया कि विकासखंड में अब तक कक्षा 1 से 12 तक के लगभग 70 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाई जा चुकी है। विभाग द्वारा 30 जून 2026 तक 100 प्रतिशत विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार 1 जून से 30 जून 2026 तक प्रत्येक शनिवार को सभी विद्यालयों में मेगा अपार दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर उन विद्यार्थियों के अभिभावकों को आमंत्रित किया जाएगा जिनकी अपार आईडी अभी तक नहीं बनी है। उन्हें इसके लाभों की जानकारी देकर मौके पर ही आईडी बनाने की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा सभी संस्था प्रमुखों एवं अभिभावकों से अपील की गई है कि वे मेगा अपार दिवस पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर बच्चों की डिजिटल पहचान बनाने में सहयोग करें, ताकि कोई भी छात्र शासन की सुविधाओं से वंचित न रहे।