
प्रभु रजवार हत्याकांड पर संदीप पासवान का बड़ा बयान, कहा– "हत्यारे की जल्द गिरफ्तारी हो, पीड़ित परिवार को मिले न्याय".
पलामू: पिपरा थाना क्षेत्र के मधुबना पंचायत में हुए प्रभु रजवार हत्याकांड पर वीर बाबा चौहरमल कल्याण समिति, पलामू जिला कमिटी के जिला अध्यक्ष संदीप पासवान ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
घटना की सूचना मिलते ही संदीप पासवान घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि दिनदहाड़े हुई इस निर्मम वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है।
संदीप पासवान ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की कि आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून का भय बना रहे। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि वीर बाबा चौहरमल कल्याण समिति पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव सहयोग करेगी। साथ ही उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
इस दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
Garhwa, Garhwa | Jul 27, 2026