
#बेतिया में मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, साम्प्रदायिक सौहार्द कायम रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया, पुलिस अधीक्षक, बगहा, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने कहा कि मुहर्रम आस्था एवं परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। इसे जिले में पूर्ण शांति, भाईचारे एवं आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के प्रयासों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों का पूर्व आकलन कर वहां पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाए। मुहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। जुलूस केवल पूर्व निर्धारित एवं लाइसेंस प्राप्त मार्गों से ही निकाले जाएं तथा निर्धारित समय का पूर्णतः पालन कराया जाए।
उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयाजित कर लें तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों, धार्मिक नेताओं एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ सतत संवाद बनाए रखें। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिला पदाधिकारी ने विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, अग्निशमन, नगर निकाय, पथ निर्माण तथा अन्य संबंधित विभागों को पर्व के दौरान आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा दल, एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को अलर्ट मोड में रखा जाए।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया श्री कुमार गौतम, पुलिस अधीक्षक, बगहा श्री राजेश कुमार, अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष उपस्थित थे।
#NetworkBihar #BettiahDM #Bettiahpolice #Bettiahsp #bettiahbihar #BettiahNews #बेतिया