
रामगंज वार्ड में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
तीन अतिक्रमणकारियों पर 12,500 रूपए का जुर्माना, कबाड़ सामग्री जब्त
नर्मदा टाइम्स, सोहागपुर। नगर परिषद सोहागपुर द्वारा नगर को सुव्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से रामगंज वार्ड में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नगर परिषद एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सार्वजनिक मार्गों, शासकीय भूमि एवं आमजन के आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमणों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान तीन अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 12,500 रूपए का जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थानों पर रखी गई कबाड़ सामग्री को भी जब्त किया गया। अधिकारियों ने संबंधित अतिक्रमणकारियों को निर्देशित किया कि वे शेष अतिक्रमण स्वयं हटाकर सार्वजनिक स्थलों को खाली करें, अन्यथा नगर परिषद द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए व्यय एवं दंड की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्तियों पर डाली जाएगी। अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारियों को समझाइश देते हुए बताया कि सड़क, नाली, फुटपाथ एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किया गया अतिक्रमण न केवल यातायात एवं आमजन की सुविधा में बाधा उत्पन्न करता है, बल्कि नगर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को भी प्रभावित करता है। इस दौरान नायब तहसीलदार रणजीत सिंह चौहान, मुख्य नगरपालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा, प्रभारी राजस्व निरीक्षक संजय परसाई, अमित परसाई, संजय पचौरी, हक्कूलाल परते, भूपेंद्र केवट सहित नगर परिषद का अमला उपस्थित रहा।
इनका कहना है-
_नगर परिषद द्वारा विभिन्न वार्डों में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार चलाया जा रहा है और भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील है।_
_मुख्य नगरपालिका अधिकारी धर्मेंद्र शर्मा_