अलवर में सूने मकान पर चोरों का धावा, 2 किलो चांदी, 60 ग्राम सोना और डेढ़ लाख की नकदी पार
शहर के स्कीम नंबर-1 स्थित मकान नंबर 108 में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता उस समय चला जब मकान मालिक रवि अग्रवाल शनिवार दोपहर जयपुर से वापस अपने घर लौटे।
पीड़ित रवि अग्रवाल ने बताया कि वह 4 जुलाई को अपनी बेटी के घर जयपुर गए हुए थे। शनिवार को लौटने पर उन्होंने देखा कि मकान के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी का सामान बिखरा पड़ा मिला, जबकि खिड़की की ग्रिल भी कटी हुई थी।
सामान की जांच करने पर करीब 2 किलो चांदी, 60 ग्राम सोना और डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी होना सामने आया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
Rajgarh, Alwar | Jul 12, 2026