गिरिडीह जिला प्रशासन आम लोगों की सुविधा के लिए 5 अगस्त से 25 अगस्त तक सभी ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में विशेष शिविर लगाएगा। इन शिविरों में जाति, आय, आवासीय, जन्म और मृत्यु प्रमाण-पत्र के आवेदन लेकर उनका त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों की पंचायतों और शहरी क्षेत्रों के वार्डों में 5 से 25 अगस्त तक विशेष शिविर आयोजित होंगे। शिविर में नागरिक जाति, आय, आवासीय, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन कर सकेंगे।
प्रत्येक शिविर में पंचायत सचिव और हल्का कर्मी मौजूद रहेंगे तथा संबंधित अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने क्षेत्र के शिविर में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। इससे सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी और प्रमाण-पत्रों का कार्य स्थानीय स्तर पर ही आसानी से पूरा हो सकेगा।