बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में लड़की से सरेराह बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस के बाद प्रशासन ने भी कार्रवाई की है। शुक्रवार को तीन आरोपियों से जुड़े अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया।
प्रशासन के अनुसार, आरोपी राहुल कुमार, अवधेश पासवान और रामबाबू सहनी के परिजनों द्वारा सड़क किनारे सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
मामले के मुख्य आरोपी विकास शर्मा के पक्के मकान को लेकर प्रशासन ने नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया है। तय समय में निर्माण नहीं हटाने पर उसके खिलाफ भी बुलडोजर कार्रवाई की बात कही गई है।
इसके अलावा आरोपी अवधेश पासवान की सरकारी राशन दुकान का **पीडीएस लाइसेंस रद्द** कर दिया गया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।