
भादरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 होटलों पर छापेमारी, होटल संचालकों समेत 7 गिरफ्तार
भादरा/हनुमानगढ़ | 08 जुलाई 2026
हनुमानगढ़ जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना (IPS) के निर्देशानुसार जिले में नशा, शराब तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अनैतिक गतिविधियों तथा वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भादरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कस्बे के तीन होटलों पर आकस्मिक छापेमारी की।
पुलिस थाना भादरा की टीम ने उपनिरीक्षक साहबराम के नेतृत्व में बागड़ी विला होटल, पिंक सिटी होटल और क्राउन होटल का निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान होटल संचालकों एवं वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ विवाद और झगड़ा किया। इसके बाद पुलिस ने तीनों होटल संचालकों सहित कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की है। वहीं मौके से एक कार और एक मोटरसाइकिल को 207 मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सीज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
सभी सात आरोपी हरियाणा के फतेहाबाद और सिरसा जिले के निवासी हैं।
मनदीप पुत्र सतवीर सिंह जाट (27 वर्ष), बनगांव, फतेहाबाद
अशोक कुमार पुत्र नथुराम जाट (29 वर्ष), बनगांव, फतेहाबाद
मोहित पुत्र सोनू मेघवाल (19 वर्ष), कंवरपुरा, सिरसा
विनोद कुमार पुत्र वेदप्रकाश धानक (19 वर्ष), कंवरपुरा, सिरसा
सुमित पुत्र पोकरमल जाट (19 वर्ष), नेहराना, सिरसा
संदीप कुमार पुत्र राजपाल कुमार (24 वर्ष), चका भुन्ना, सिरसा
महेश पुत्र दलीप सिंह जाट (19 वर्ष), नारायण खेड़ा, सिरसा
होटल संचालकों को पुलिस की सख्त चेतावनी
हनुमानगढ़ पुलिस ने सभी होटल, धर्मशाला और सराय संचालकों को निर्देश दिए हैं कि—
प्रत्येक अतिथि का विवरण होटल रजिस्टर के साथ ई-विज़िटर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति के मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र का सत्यापन किया जाए।
यदि कोई नाबालिग होटल में ठहरने आता है तो उसके परिजनों की सहमति लेना अनिवार्य होगा। सहमति नहीं मिलने पर कमरा न देकर तत्काल बाल कल्याण समिति को सूचना दी जाए।
किसी भी होटल या धर्मशाला में अनैतिक अथवा आपराधिक गतिविधियां पाए जाने पर संचालक के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक साहबराम के साथ जगदीश (सहायक उपनिरीक्षक), रामबाबू, सतीश कुमार, महिला कांस्टेबल सपना तथा कांस्टेबल राजेन्द्र शामिल रहे।