दमोह जिले की जबलपुर नाका चौकी प्रभारी एसआई प्रियंका पटेल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट की थी। वीडियो में वह पुलिस की वर्दी पहनकर कुर्सी पर बैठी नजर आती हैं। रील के कैप्शन में लिखा था, "खुद की समस्याएं सुलझ नहीं रहीं और नौकरी दूसरों की समस्या सुलझाने वाली कर ली।" यही लाइन सोशल मीडिया पर विवाद की वजह बन गई।
रील वायरल होते ही कई यूजर्स ने इसे पुलिस की वर्दी और पद की गरिमा से जोड़ते हुए सवाल उठाए। विवाद बढ़ने के बाद संबंधित रील को इंस्टाग्राम से हटा दिया गया। प्रियंका पटेल सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं और उनके अकाउंट पर डांस व अन्य विषयों की 149 से ज्यादा रील्स मौजूद हैं।
मामले पर एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने जांच के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि वर्दी में इस तरह की सोशल मीडिया गतिविधियां अनुशासन के दायरे में आती हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल एसआई प्रियंका पटेल की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
#viralnews #damohnews #policedepartment #reelsviral