CRPF हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार का निधन, वीर सपूत की अंतिम विदाई में उमड़ा जनसैलाब
नवलगढ़/चेलासी। क्षेत्र के लिए बेहद दुखद समाचार सामने आया है। बलवंतपुरा चेलासी निवासी दिनेश कुमार महण (जडेजा), जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे, का आज सुबह अचानक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
देश सेवा के प्रति समर्पित दिनेश कुमार महण को अंतिम विदाई देने के लिए आज दोपहर 3 बजे नवलगढ़ अस्पताल से तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगे में लिपटे वीर सपूत को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और परिजन मौजूद रहे।
तिरंगा यात्रा नवलगढ़ अस्पताल से रवाना होकर उनके पैतृक गांव बलवंतपुरा चेलासी पहुंची, जहां ग्रामीणों ने नम आंखों से अपने लाल को अंतिम विदाई दी। गांव में अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। #Jhunjhunu #JhunjhunuNews #Nawalgarh #Dineshkumar #CRPF